लिंगियाडीह बचाओ आंदोलन का एक साल से नेतृत्व कर रहे वार्ड पार्षद की अनदेखी पर उठे सवाल, आयोजकों की चुप्पी के बीच क्षेत्र में चर्चा तेज
बिलासपुर (कमलेश लव्हात्रे)। भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी, जिला शाखा बिलासपुर के अंतर्गत लिंगियाडीह (अपोलो चौक) में नवनिर्मित रेडक्रॉस मेडिकल शॉप एवं प्रधानमंत्री जनऔषधि केंद्र का लोकार्पण 4 नवंबर को आयोजित किया जा रहा है। इस कार्यक्रम को लेकर जारी आमंत्रण पत्र अब एक अलग वजह से चर्चा में आ गया है। दरअसल, कार्यक्रम वार्ड क्रमांक 52 में आयोजित हो रहा है, लेकिन आमंत्रण पत्र में वार्ड के निर्वाचित पार्षद दिलीप पाटिल का नाम कहीं नजर नहीं आ रहा है।
आमंत्रण पत्र में मुख्य अतिथि के रूप में बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला, अध्यक्षता के लिए महापौर पूजा विधानी और विशिष्ट अतिथियों के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, कलेक्टर संजय अग्रवाल सहित कई जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के नाम शामिल हैं। लेकिन जिस वार्ड में यह महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सुविधा शुरू होने जा रही है, वहां के पार्षद को आमंत्रण पत्र में जगह नहीं मिलना सवाल खड़े कर रहा है।
गौरतलब है कि पार्षद दिलीप पाटिल पिछले करीब एक वर्ष से लिंगियाडीह बचाओ आंदोलन का नेतृत्व कर रहे हैं। क्षेत्र के स्थानीय मुद्दों और नागरिकों के हितों को लेकर उनकी सक्रियता लगातार चर्चा में रही है। ऐसे में उनके ही वार्ड में आयोजित होने वाले इस महत्वपूर्ण लोकार्पण कार्यक्रम के आमंत्रण पत्र से नाम गायब होना चर्चा का विषय बन गया है।
क्या आयोजकों से हुई चूक या फिर वार्ड के निर्वाचित प्रतिनिधि की अनदेखी?
अब सवाल यह है कि आखिर वार्ड क्रमांक 52 के पार्षद दिलीप पाटिल का नाम आमंत्रण पत्र में शामिल क्यों नहीं किया गया? क्या यह केवल प्रिंटिंग की गलती है या इसके पीछे कोई अन्य वजह है? फिलहाल इस संबंध में आयोजकों की ओर से कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण सामने नहीं आया है।
रेडक्रॉस मेडिकल शॉप एवं प्रधानमंत्री जनऔषधि केंद्र की शुरुआत निश्चित रूप से क्षेत्र के लोगों के लिए स्वास्थ्य सुविधाओं की दृष्टि से महत्वपूर्ण है, लेकिन इसके लोकार्पण से पहले ही आमंत्रण पत्र में स्थानीय जनप्रतिनिधि का नाम नहीं होना एक नई चर्चा को जन्म दे रहा है। अब देखना होगा कि आयोजन समिति इस मामले पर क्या सफाई देती है।




